रामगढ़: रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. मशीनरी से लदा एक ट्रेलर (एनएल01एडी-7009) ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में एक यात्री बस, छह कार और तीन बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाटी से उतरते समय ट्रेलर का ब्रेक अचानक फेल हो गया. चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार ट्रेलर एक के बाद एक वाहनों से टकराता चला गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों के आगे और पीछे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की.
दुर्घटना में बाइक और कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. ट्रेलर चालक भी गंभीर अवस्था में पाया गया. सभी गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया. वहीं, बस और अन्य वाहनों में सवार कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया.
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय, एसआई जोनी कुमार और सुरेश उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने एनएचएआई की रेस्क्यू टीम के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क को साफ किया गया, जिसके बाद लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका.
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रेलर का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है. इस दुर्घटना ने एक बार फिर चुटूपालू घाटी जैसे संवेदनशील मार्ग पर भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमित तकनीकी जांच की आवश्यकता को उजागर कर दिया है.
