बक्सर: बिहार के बक्सर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में 9वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्र पानी में तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और पूरे जिले में हड़कंप मच गया है.
वायरल वीडियो में पानी के बीच बड़ी संख्या में प्रश्नपत्रों के बंडल बहते नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ये प्रश्नपत्र जिले के 167 विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए तैयार किए गए थे. यदि यह दावा सही साबित होता है, तो हजारों छात्रों की परीक्षा और उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो सकता है.
वीडियो के वायरल होने के बाद लोग शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं. सोशल मीडिया पर सरकारी व्यवस्थाओं और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कई लोगों का कहना है कि सरकारी बजट खर्च होने के बावजूद परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है.
जानकारी के अनुसार, बक्सर जिले में शिक्षा विभाग का अपना सरकारी भवन भी नहीं है. ऐसे में परीक्षा संबंधी गोपनीय दस्तावेजों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं. अब प्रश्नपत्रों के पानी में मिलने की घटना ने इन चिंताओं को और बढ़ा दिया है.
हालांकि, अब तक जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे प्रश्नपत्र वास्तविक हैं या नहीं और वे पानी में कैसे पहुंचे.
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे कितने सही हैं और यदि लापरवाही हुई है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: धीरज कुमार
