सोमवार को डीएसपी मुख्यालय जेपीएन चौधरी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र में पिछले दिनों अलग-अलग जगहों पर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं. पुलिस ने इन मामलों की जांच शुरू की और मिले सुरागों के आधार पर चार आरोपियों तक पहुंची.
चार आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन कुमार साहू, सुमित कुमार, छोटकू कुमार यादव और पप्पू वर्मा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इसके बाद उनकी निशानदेही पर अलग-अलग सामान बरामद किया गया.
पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी के और मामलों की कड़ियां भी जोड़ने की कोशिश कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन घटनाओं में इनके अलावा कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं.
सोना-चांदी से लेकर ई-रिक्शा तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 18 ग्राम सोने का टुकड़ा और लगभग 225 ग्राम चांदी बरामद की है. इसके अलावा चांदी के आभूषण और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिला है.बरामद सामान में एलसीडी टीवी, एक्साइड और ल्यूमिनस कंपनी की बैटरियां, इनवर्टर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान भी शामिल हैं. पुलिस ने एक बिना नंबर का टोटो यानी ई-रिक्शा और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है.
पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही उनके पुराने रिकॉर्ड और हाल के दिनों में हुई चोरी की दूसरी घटनाओं की भी जांच की जा रही है.पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान की जांच के बाद चोरी के कुछ अन्य मामलों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और चोरी के सामान को ठिकाने लगाने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
