आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या, प्रेमी गिरफ्तार; पूछताछ में वारदात कबूलने का पुलिस का दावा

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 7, 2026

अड़की थाना क्षेत्र के बारूहातू गांव की एक आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या कर शव जंगल में फेंकने का मामला सामने आया है. रविवार को मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव स्थित जंगल से युवती का शव बरामद किया गया

खूंटी: अड़की थाना क्षेत्र के बारूहातू गांव की एक आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या कर शव जंगल में फेंकने का मामला सामने आया है. रविवार को मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव स्थित जंगल से युवती का शव बरामद किया गया. पुलिस ने मामले में उसके प्रेमी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

जानकारी के अनुसार, मृतका सीनिता और सागर ओड़ेया के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों कुछ समय तक साथ भी रह रहे थे. इसी दौरान सीनिता गर्भवती हो गई. परिजनों का आरोप है कि सीनिता सागर से शादी कर उसे अपने साथ रखने की मांग कर रही थी. इसी बीच सागर की कथित तौर पर किसी दूसरी युवती से नजदीकियां बढ़ गईं और वह उसे ढुकू प्रथा के तहत अपने घर ले आया.

बताया जा रहा है कि इस बात की जानकारी मिलने के बाद सीनिता 2 सितंबर को सागर के घर पंगुरा पहुंची थी. इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे. इसी बीच 6 सितंबर को पंगुरा गांव के जंगल में उसका शव बरामद हुआ.

शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीनिता के आठ माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई. गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो चुकी थी.

मुरहू थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर सीनिता को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले जाने और वहां धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या करने की बात बताई है.