झारखंड सूचना आयोग को मिली नई ताकत: लंबे इंतजार के बाद 4 नए सूचना आयुक्तों ने संभाली जिम्मेदारी

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 1, 2026

 लंबे समय से सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का इंतजार कर रहे झारखंड राज्य सूचना आयोग को आखिरकार नई मजबूती मिल गई है. बुधवार को राजधानी रांची स्थित लोकभवन में आयोजित गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में चार नए सूचना आयुक्तों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली.

रांची (RANCHI): लंबे समय से सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का इंतजार कर रहे झारखंड राज्य सूचना आयोग को आखिरकार नई मजबूती मिल गई है. बुधवार को राजधानी रांची स्थित लोकभवन में आयोजित गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में चार नए सूचना आयुक्तों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अनुज सिन्हा, तनुज खत्री, शिवपूजन पाठक और अमूल नीरज खलखो को सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई.

इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे. समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए. मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम और महुआ माजी, सांसद संजय सेठ, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कई गणमान्य लोगों ने नव-नियुक्त सूचना आयुक्तों को शुभकामनाएं दीं.

लंबे समय से खाली थे पद

झारखंड राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्तों के कई पद लंबे समय से रिक्त पड़े थे. इसका असर आयोग के कामकाज और सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े मामलों के निपटारे पर भी पड़ रहा था. बड़ी संख्या में अपील और शिकायतें लंबित थीं, जिससे आवेदकों को समय पर न्याय मिलने में परेशानी हो रही थी. अब चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के बाद आयोग के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है. माना जा रहा है कि लंबित मामलों के निस्तारण में गति आएगी और सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आने वाली शिकायतों और अपीलों का समयबद्ध समाधान संभव हो सकेगा. राज्य सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से सूचना आयोग की कार्यक्षमता बढ़ेगी, पारदर्शिता को मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों को सूचना के अधिकार का लाभ पहले की तुलना में अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा.