जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित कपड़ा दुकान में घुसकर फायरिंग मामले में पुलिस ने 2 और अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में मनीष सिंह गिरोह के जुगसलाई निवासी सन्नी सिंह सरदार और टेल्को निवासी सागर उपाध्याय शामिल है. दोनों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल और 2 गोली बरामद की है. मंगलवार को मामले का खुलासा सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने किया. इस मामले में 6 अपराधियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है. उन्होंने बताया सन्नी और सागर भी घटना में शामिल थे. गिरफ्तार आरोपी सन्नी पर शहर के विभिन्न थानों में 7 और सागर पर एक मामला पूर्व से दर्ज है. रंगदारी का पैसा नहीं देने और वर्चस्व कायम करने के लिए अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. कपड़ा कारोबारी इस घटना में बाल बाल बचे थे. गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकारी है.
15 मई को दुकान में घुस की थी फायरिंग
15 मई की दोपहर अपराधियों ने जुगसलाई नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन नामक कपड़ा दुकान में अपराधियों ने फायरिंग की थी. इसमें कपड़ा कारोबारी दिनेश बेरिया बाल-बाल बच गए थे. कार से आए बदमाशों ने फायरिंग की थी. पुलिस की जांच में पता चला कि अपराधियों ने कारोबारी से रंगदारी मांगी थी. रंगदारी नहीं देने पर गोली चलाई गई थी.
पूर्व में इनकी हो चुकी है गिरफ्तारी
कपड़ा दुकान में फायरिंग मामले में पुलिस पूर्व में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार उर्फ राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु और अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक को गिरफ्तार था. ये सभी जुगसलाई थाना क्षेत्र के रहने वाले है. जबकि एक आरोपी बानेश्वर नामता सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र का रहने वाला है.

