पलामू (PALAMU): जिले में कारोबारियों और बाजार की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस अब नई रणनीति पर काम कर रही है. जिले की दुकानों और प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है. हालांकि यह प्रक्रिया अनिवार्य नहीं होगी, बल्कि दुकानदार अपनी इच्छा से कर्मचारियों का सत्यापन करा सकेंगे.
पुलिस वेरिफिकेशन के दौरान कर्मचारियों की पूरी पृष्ठभूमि की जांच की जाएगी. इसमें यह देखा जाएगा कि संबंधित व्यक्ति पर पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं. साथ ही वह कहां का रहने वाला है, पहले किन जगहों पर काम कर चुका है और उसकी गतिविधियां कैसी रही हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी. पलामू पुलिस का मानना है कि इस पहल से बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी. एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि जो दुकानदार अपने कर्मचारियों का वेरिफिकेशन कराना चाहते हैं, वे पुलिस को संबंधित जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं.
सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस बाजारों और प्रतिष्ठानों में अलार्म सिस्टम लगाने की योजना पर भी काम कर रही है. पुलिस का उद्देश्य अपराध की घटनाओं पर तेजी से नियंत्रण और कारोबारियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना है. पलामू में पहले फर्जी पुलिस वेरिफिकेशन के मामले सामने आ चुके हैं, जिन पर पुलिस ने कार्रवाई भी की थी. हाल ही में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भी खुलासा हुआ था, जिसमें गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से पलामू में रह रहा था. ऐसे मामलों के बाद पुलिस अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्यादा सतर्क नजर आ रही है.

