कैरव गांधी अपहरण कांड: 531 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, मास्टरमाइंड अब भी फरार

    कैरव गांधी अपहरण कांड: 531 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, मास्टरमाइंड अब भी फरार

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के चर्चित कैरव गांधी अपहरण कांड में बिष्टुपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 दिनों के भीतर 531 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है. यह चार्जशीट सीजेएम कोर्ट में प्रस्तुत की गई.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तय समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर न्यायालय में दस्तावेज सौंपे हैं.चार्जशीट में अब तक जुटाए गए अहम साक्ष्यों को शामिल किया गया है. पुलिस ने जांच के दौरान दो हथियार, चार जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, लोकेशन डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), संदिग्ध वाहनों से जुड़े दस्तावेज और कई अन्य तकनीकी प्रमाण जुटाए हैं. इन साक्ष्यों के आधार पर 11 गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार किया गया है. सभी 11 आरोपी जेल में है. 

    इनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल

    जिन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उनमें अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह, मनप्रीत सिंह सिखवान (लुधियाना), गुरदीत शेर सिंह (कोलकाता), संतोष कुमार (गाजियाबाद), राजकरण यादव (शेखपुरा) सहित अन्य आरोपी शामिल हैं. पुलिस का दावा है कि सभी की भूमिका अपहरण की साजिश और घटना को अंजाम देने में सामने आई है. हालांकि, इस सनसनीखेज मामले के दो प्रमुख आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना तेजिंदर पाल सिंह और नालंदा निवासी साद आलम को पकड़ने का प्रयास पुलिस कर रही है.

    क्या है मामला

    13 जनवरी 2026 को कदमा-सोनारी लिंक रोड से उद्योगपति पुत्र केरव गांधी का अपहरण कर लिया गया था. इस घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी. पुलिस का लोगो लगे वाहन से कैरव का अपहरण किया गया था. 13 दिनों बाद 27 जनवरी को पुलिस ने कैरव गांधी को चौपारण-बरही मार्ग पर बरामद किया था. अब पुलिस चार्जशीट दाखिल करने के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बढ़ा रही है. 



    Related News