टीएनपी डेस्क(TNP DESK):बुधवार को हुई गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं ने झारखंड के मौसम को पूरी तरह सुहाना बना दिया है.बारिश और तेज हवा के कारण राज्य के तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है.वहीं, गुरुवार के मौसम की बात करें तो आज भी राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है इसके साथ ही कई जिलों में वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है.
आज इन जिलों के लोग रहें सावधान
मौसम विभाग के अनुसार, रांची सहित कई जिलों में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा.कहीं धूप, कहीं तेज हवा तो कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.आज जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रांची, चतरा, देवघर, दुमका, गोड्डा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, कोडरमा, साहिबगंज, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग शामिल है. इन इलाकों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है.
अगले 48 घंटे तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने लोगों को खास तौर पर सावधान रहने की सलाह दी है.बारिश और वज्रपात के दौरान किसानों को खेतों में न जाने और आम लोगों को घर से बाहर निकलने से बचने की हिदायत दी गई है.हालांकि, अप्रैल के अंतिम दिनों में हो रही यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है.रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले 48 घंटे तक झारखंड में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है.कभी धूप, कभी बारिश और कभी तेज हवा.फिलहाल, सबसे राहत भरी बात यह है कि लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिली है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस की संभावना है.जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहसकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री,जबकि देवघर में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस,तो वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.वहीं मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री जा सकता है.

