बोकारो में तेज रफ्तार का कहर: बारात से लौट रही कार ने पुलिस गश्ती वाहन को मारी टक्कर, चार घायल

    बोकारो में तेज रफ्तार का कहर: बारात से लौट रही कार ने पुलिस गश्ती वाहन को मारी टक्कर, चार घायल

    बोकारो (BOKARO): झारखंड के बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा सामने आया. गोमिया-फुसरो मुख्य मार्ग पर जारंगडीह स्थित ढोरी माता चर्च के पास सुबह करीब चार बजे बारात से लौट रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने पुलिस की गश्ती बोलेरो को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी. हादसा इतना अचानक और जोरदार था कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

    इस दुर्घटना में कार में सवार चार लोग घायल हो गए. इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों की पहचान धनबाद के महूदा निवासी सुरेश कुमार, भरत रजक और धर्मनाथ पासवान के रूप में हुई है, जिन्हें सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. वहीं, कार चालक बंटी कुमार रजक को हल्की चोटें आईं. राहत की बात यह रही कि गश्ती वाहन में मौजूद पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार कच्छप, चालक और अन्य जवान पूरी तरह सुरक्षित रहे.

    घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने तत्परता और मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तत्काल सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉ. अमर कुमार की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया. घायलों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया और उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई.

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी. साथ ही, आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन पर नियंत्रण खो गया और यह हादसा हो गया. फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है.



    Related News