जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित मां तारानी कॉलोनी में हुए चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो आरोपी बागबेड़ा क्षेत्र के और एक पश्चिमी सिंहभूम जिले का रहने वाला है. थाना प्रभारी उमेश ठाकुर ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश शर्मा, देव गगराई और सुमित तांती के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से चोरी के गहने और अन्य सामान भी बरामद किए हैं और सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
दरअसल, मां तारानी कॉलोनी निवासी गौरांग मंडल के घर 10 अप्रैल की रात चोरी की घटना हुई थी. घटना के समय परिवार के सदस्य श्राद्ध कर्म के लिए घाटशिला के गए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर के एस्बेस्टस की छत काटकर अंदर घूस गए. इसके बाद उन्होंने घर के सभी कमरों की तलाशी ली और अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान लेकर फरार हो गए.
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस वारदात को तीन अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया है, जिनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
चोरी के बाद तीनों आरोपी बड़ौदा घाट के पास इकट्ठा हुए थे और वहां चोरी के सामान का आपस में बंटवारा कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर तीनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया. बरामद सामान में दो सोने की चेन, एक अंगूठी सहित कई अन्य गहने शामिल हैं. इसके अलावा एक स्कूटी भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल चोरी की वारदात को अंजाम देने में किया गया था. पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है.
रिपोर्ट- रोहित
Thenewspost - Jharkhand
4+


