जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है. पिछले 24 घंटे से शहर के अलग-अलग इलाकों में तेंदुआ देखे जाने की खबरें सामने आई है. मंगलवार देर रात सबसे पहले टाटानगर रेलवे यार्ड क्षेत्र में तेंदुए को देखा गया था. लेकिन अब यह जंगली जानवर शहर के रिहायशी इलाके में पहुंच गया है. बुधवार को दोपहर तेंदुए को परसुडीह के मकदमपुर में देखा गया. वह एक घर में पलंग के नीचे छिपा मिला. घर के पास ही तेंदुए के पंजे के निशान मिले है. इसके बाद क्षेत्र के लोग दहशत में है. वहीं, आश्चर्य की बात यह है कि तेंदुए के लगातार इलाके में दिखने के बाद भी वन विभाग इसे जंगली बिल्ली मान रहा है. वन विभाग ने ना तो अभी तक तेंदुए का रेस्क्यू करने के कोई उपाय किए और ना ही टीम लगाई. वन विभाग की यह लापरवाही लोगों के लिए खतरा बन सकती है.
एक घर में पलंग के नीचे दिखा तेंदुआ
परसुडीह के मकदमपुर के मुंशी बाड़ी इलाके बुधवार दोपहर तेंदुआ दिखा. यहां भानु लाल के घर में एक पलंग के नीचे तेंदुआ को देखा गया. हालांकि शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से निकल गया. शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए. अचानक लोगों की भीड़ और आवाज सुनकर तेंदुआ कुछ देर के लिए घर के परिसर में छिपा रहा, लेकिन बाद में तेजी से वहां से निकलकर पास के झाड़ियों की ओर भाग गया. गनीमत रही कि इस दौरान तेंदुए ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया. अगर वह आक्रामक हो जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी. महिला आभा देवी ने बताया कि मैं घर में मोबाइल चला रही थी. फर्श पर लेटी थी. इसी दौरान मैने तेंदुए को पलंग के नीचे देखा.
भय में है बस्ती के लोग
घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है. बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने से मना किया गया है. परसुडीह पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मी आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाया है. उनका कहना है कि तेंदुए के रिहायशी इलाके में पहुंचने की सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम देर तक मौके पर नहीं पहुंची. लोगों ने जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है. डीएफओ सबा आलम अंसारी ने विभिन्न मीडिया को दिए गए बयान में बताया है कि रेलवे ट्रैक पर दिखने वाला जानवर जंगली बिल्ली प्रतीत हो रहा है.

