रांची में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों पर प्रशासन सख्त, DC के निर्देश पर हुई बड़ी बैठक

    रांची में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों पर प्रशासन सख्त, DC के निर्देश पर हुई बड़ी बैठक

    रांची(RANCHI) : रांची में पिछले कुछ घंटों से पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया और अलग-अलग माध्यमों में तेजी से खबरें फैल रही थीं.खासकर नामकुम और पिठोरिया इलाके के कुछ पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों और तेल खत्म होने की चर्चाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। कई लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंपों तक पहुंचने लगे.हालांकि अब जिला प्रशासन ने पूरे मामले पर स्थिति साफ कर दी है.
    Dc के निर्देश पर मंगलवार को रांची सदर अनुमंडल पदाधिकारी Kumar Rajat ने विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम कुमार पांडेय भी मौजूद रहे.
    बैठक में नामकुम और पिठोरिया क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी को लेकर सामने आ रही खबरों की समीक्षा की गई। इस दौरान तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को स्पष्ट जानकारी दी कि रांची जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सप्लाई चेन में किसी प्रकार की बाधा नहीं है.
    अनुमंडल पदाधिकारी Kumar Rajat ने कहा कि आम लोगों को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है.उन्होंने तेल कंपनियों को निर्देश दिया कि परिवहन और लॉजिस्टिक से जुड़ी किसी भी समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
    प्रशासन की ओर से सभी तेल कंपनियों को अपने रिटेल आउटलेट्स की लगातार मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया गया है.साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कहीं भी अनावश्यक भीड़, जमाखोरी या सप्लाई बाधित होने जैसी स्थिति पैदा न हो.
    जिला प्रशासन ने साफ किया है कि रांची में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है.आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें.



    Related News