अब नहीं दिखेगा लंबा VVIP काफिला! झारखंड राजभवन का बड़ा फैसला, अब 4 गाड़ियों तक सीमित होगा राज्यपाल का कारकेड

    अब नहीं दिखेगा लंबा VVIP काफिला! झारखंड राजभवन का बड़ा फैसला, अब 4 गाड़ियों तक सीमित होगा राज्यपाल का कारकेड

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संतुलित उपयोग के संदेश को अब झारखंड में अमल में लाने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है. राज्य में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान लगने वाले लंबे-लंबे काफिलों पर अब रोक लगने जा रही है. इसी क्रम में राज भवन झारखंड ने राज्यपाल के कारकेड में शामिल वाहनों की संख्या को सीमित करने का अहम निर्णय लिया है.

    नए फैसले के तहत अब राज्यपाल के काफिले में पहले की तरह कई गाड़ियों की लंबी कतार नजर नहीं आएगी. सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े जरूरी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कारकेड को घटाकर केवल चार वाहनों तक सीमित कर दिया गया है. इस कदम को प्रशासनिक सादगी और संसाधनों की बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. राजभवन का मानना है कि वाहनों की संख्या कम होने से न केवल ईंधन की खपत में कमी आएगी, बल्कि आम लोगों को ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी. अक्सर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में छोटा और व्यवस्थित कारकेड लोगों के लिए भी राहत लेकर आएगा.

    इस फैसले की जानकारी देते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से प्रेरित होकर ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि प्राकृतिक संसाधन सीमित हैं और उनका संरक्षण करना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है. राजभवन की यह पहल सरकारी तंत्र में सादगी और जवाबदेही का संदेश देने वाली मानी जा रही है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में अन्य सरकारी विभाग और वीवीआईपी मूवमेंट से जुड़े संस्थान भी इस मॉडल को अपनाने पर विचार कर सकते हैं. इससे सरकारी खर्च में कमी आने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.



    Related News