जमशेदपुर में 4 दिन की झमाझम बारिश से कूल हुआ शहर, लेकिन जनजीवन भी प्रभावित 

    जमशेदपुर में 4 दिन की झमाझम बारिश से कूल हुआ शहर, लेकिन जनजीवन भी प्रभावित

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर में मौसम का मिजाज लगातार चौथे दिन भी बदला रहा. शनिवार दोपहर अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. कुछ ही देर में पूरे शहर का मौसम सुहाना हो गया. बारिश के दौरान कई इलाकों में तेज गर्जन और वज्रपात भी हुआ. तेज बारिश ने  उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी. दोपहर तक तेज धूप और चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान थे, लेकिन मौसम बदलते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई. इधर, बारिश शुरू के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया. ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई बस्तियों में भी जल जमाव से परेशानी हुई. वहीं, बाजारों में खरीदारी कर रहे लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और शेड के नीचे खड़े नजर आए. 29 अप्रैल से शहर में हर दिन तेज बारिश हो रही है. इन चार दिनों में शहर में 48.2 एमएम बारिश दर्ज की गई. 

    आंधी-बारिश से राहत भी, परेशानी भी बढ़ी
    आंधी और लगातार हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली है, लेकिन जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. तेज हवा और बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में कई बड़े-बड़े पेड़ गिर गए हैं, जिससे कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है. बिजली बाधित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली नहीं रहने के कारण कई क्षेत्रों में जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है. तेज हवा की वजह से कई जगहों पर बिजली के खंभे भी गिर गए है. प्रशासन और बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हुई है. लोगों ने जल्द बिजली बहाल करने की मांग कर रहे है.

    6 मई तक बारिश की संभवना
    मौसम विभाग ने 5 मई तक पूरे कोल्हान में आंधी के साथ बारिश की संभवना जताई है. इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 7 मई से मौसम साफ होने की उम्मीद है. इस दौरान तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है. इधर, शहर में लगातार हो रही बारिश ने नगर निकायों की पोल खोल दी है. जगह जगह नाली जाम होने के करण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. बिष्टुपुर जैसे इलाके में भी जलजमाव से लोग परेशान है. 

     

     



    Related News