पलामू (PALAMU): पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ी खास गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता अमिता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई जिससे आसपास के लोगों में सनसनी का माहौल बना हुआ है. जानकारी के अनुसार, अमिता ने कथित तौर पर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था. स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों के कठिन प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी जान चली गई. इस घटना के बाद से ही मृतका के ससुराल और मायके पक्ष के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस घटना के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है. स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, अमिता और उसके पति अजीत कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद अमिता की तबीयत बिगड़ने लगी. वहीं, मृतका के पिता शत्रुघ्न साव ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दिया है. मृतका के पिता ने अपने ही दामाद अजीत कुमार पर आरोप लगाया है कि उसने जानबूझकर उनकी बेटी को जहर देकर मार डाला है. पिता के इन आरोपों ने मामले को और अधिक उलझा दिया है.
फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में ले ली है और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. अस्पताल पुलिस चौकी और पड़वा थाना की टीम घटनास्थल और अस्पताल में साक्ष्य जुटाने में लगी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा. पुलिस मृतका के पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह घरेलू विवाद का दुखद अंत था या सोची-समझी साजिश.

