जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में फिर चापड़बाजी की घटना हुई है. इसमें 2 नाबालिग युवक घायल है. उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. घटना बिरसानगर थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ के पास मंगलवार की शाम हुई. बीच सड़क पर हुई इस घटना के कारण अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस घायलों से पूछताछ कर रही है. जानकारी हो कि शहर में चापड़बाजी की घटनाएं लगातार हो रही है. चापड़ यहां के अपराधियों के लिए नया हथियार बन गया है. पुलिस लगातार चापड़ बरामद कर रही है, लेकिन इसके बाद भी यह घटनाएं नहीं रुक रही है.
बाइक पर सवार होकर आए थे बदमाश
धोबी मोड़ के पास 2 बाइक पर सवार नाबालिगों के बीच झड़प हुई. इसके बाद एक बाइक पर सवार युवकों ने दूसरे बाइक पर सवार नाबालिगों पर चापड़ से हमला कर दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार दो अलग-अलग बाइकों पर सवार किशोरों के बीच अचानक विवाद हुआ. यह विवाद देखते ही देखते जानलेवा हमले में बदल गया. एक बाइक पर सवार दो किशोरों ने दूसरी बाइक पर जा रहे दो किशोरों पर अचानक हमला कर दिया. इससे घबराकर दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. बाइक गिरते ही उस पर सवार दोनों किशोर जान बचाने के लिए भागने लगे. लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें घेर लिया. इसके बाद चापड़ से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया. हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे के कान के पास गहरी चोट लगी है.
आपसी विवाद में घटना की संभावना
सरेआम हुई इस चापड़बाजी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बाजार में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले. पुलिस आपसी विवाद में घटना होने की संभवना जता रही है.बीच सड़क पर हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


