बिहार में नया अध्याय: कौन होगा बिहार का अगला सीएम,क्या किसी "डार्क हॉर्स" की चमकेगी किस्मत!

    बिहार में नया अध्याय: कौन होगा बिहार का अगला सीएम,क्या किसी "डार्क हॉर्स" की चमकेगी किस्मत!

    TNP DESK- बिहार फिलहाल राजनीति के एक नए पड़ाव पर खड़ा है.  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक्शन से लोग  अचंबे में भी हैं और वजह जानने के लिए भी परेशान हैं.  नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद यह सवाल भी बड़ा हो गया है कि नीतीश कुमार के बाद बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन होगा? यह अलग बात है कि अपने स्वास्थ्य को लेकर नीतीश कुमार विपक्षी दलों के निशाने पर चल रहे थे.  नीतीश कुमार ने आज खुद ही घोषणा कर दी है कि वह राज्यसभा जा रहे हैं और उनके बाद की सरकार को उनका समर्थन और मार्गदर्शन मिलता रहेगा. इसके साथ ही यह सवाल भी खड़ा  हो गया है कि आखिर कौन बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री? इतना तो अब तय है कि मुख्यमंत्री बीजेपी का ही  कोई होगा।.

    समय से पहले बिहार में हो गया "खेला "

    भाजपा इसके लिए लंबे समय से प्रयास भी कर रही थी.  यह बात तो तय है कि 2025 में एनडीए को बहुमत मिलने के बाद से ही कयास  लगाए जा रहे थे कि बिहार में कुछ ना कुछ "खेल" होगा लेकिन राजनीतिक पंडित मान रहे थे कि बंगाल चुनाव के बाद ही कुछ परिवर्तन संभव हो सकता है.  कहा जा सकता है कि बिहार में अभी चौंकाने वाला समय चल रहा है.  2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री बनने वाले नीतीश कुमार अब अपनी पारी को समेटने की तैयारी में है.  चर्चा तेज है कि मुख्यमंत्री आज ही अपना नामांकन राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में करेंगे. वैसे, नीतीश कुमार ने अभी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हुआ है.  लेकिन सवाल बड़ा है कि बिहार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? 

    मुख्यमंत्री तो भाजपा का ही होगा ,इसमें कोई संशय नहीं 

    सूत्रों की बातों पर भरोसा करें तो इस बार का मुख्यमंत्री बीजेपी का ही होगा.  वैसे कोई चौंकाने वाला नाम मुख्यमंत्री को लेकर आ जाए, तो भी आश्चर्य नहीं होना चाहिए.  वैसे मुख्यमंत्री की दौड़ में कई प्रमुख नाम उभरे हैं.  एक कोण  से दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा  का नाम उछाला जा रहा है.  दिलीप जायसवाल और विधायक संजीव चौरसिया जैसे नाम पर भी चर्चा हो रही है. मंगल पांडेय भी चर्चे में हैं.  केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय इस दौड़ में आगे निकल सकते हैं.  देखना दिलचस्प होगा कि अब भाजपा का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा.  अभी चर्चा चल रही है कि अब भाजपा के कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होंगे, दोनों उपमुख्यमंत्री जदयू  के होंगे.  जिसमे  एक नाम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का उछाला जा रहा है तो दूसरा नाम विजय कुमार चौधरी का नाम चर्चा में लाया गया है. 

    आज का दिन सचमुच बिहार के राजनीतिक इतिहास में नया दिन

    आज का दिन सचमुच बिहार के राजनीतिक इतिहास में नया दिन होगा.अब बिहार में नीतीश कुमार की मदद से भाजपा के मुख्यमंत्री बनेंगे.इसके साथ ही बिहार में एक नई राजनीति का उदय होगा.बिहार में नीतीश कुमार और लालू प्रसाद का समय अब बिहार की राजनीति से खत्म हो जाएगा. नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे, यह बात अभी से कुछ मिनट  पहले उनके ट्वीट से भी स्पष्ट हो गया है. उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है.आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसलिए पूर्व में भी मैं आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है.

    नीतीश कुमार ने अपने ट्वीट में क्या कहा है 

    संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बन सकूं.इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं.मैं आपकी पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा और आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पहले की तरह कायम रहेगा.  जो नई सरकार बनेगी, उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा. बता दें कि बुधवार से ही बिहार में एक अजब हलचल थी. चर्चा शुरू हुई कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे, तो लोगों ने इसे बुरा ना मानो होली मान लिया. लेकिन गुरुवार को नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया एक्स पर साफ कर दिया कि वह राज्यसभा जाएंगे. उन्होंने यहां तक कह दिया की नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा.

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 

     

     



    Related News