टीएनपी डेस्क (TNP DESK): राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही मंईयां सम्मान योजना से आज राज्य की लाखों महिलायें आत्मनिर्भरता की मिसाल बनती जा रहीं है. मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की करीबन 56 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की राशि दी जाती है. ऐसे में राज्य का बच्चा बच्चा आज मंईयां योजना के बारे में जनता है. पर क्या आप ये जानते हैं की राज्य में मंईयां सम्मान योजना के अलावा भी महिलाओं के लिए कई ऐसी महत्वाकांक्षी योजनाएँ है जो सरकार द्वारा चलाई जा रही है.
हालांकि बहुत कम लोगों को पता है कि मंईयां सम्मान योजना के अलावा भी झारखंड सरकार महिलाओं और बेटियों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है. इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, उनकी शिक्षा को बढ़ावा देना और उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना
राज्य की बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना चला रही है. इस योजना के तहत कक्षा 8 से 12 तक पढ़ने वाली छात्राओं को आर्थिक सहायता दी जाती है. इसका मुख्य उद्देश्य लड़कियों को स्कूल से जोड़े रखना और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकना है.
स्वरोजगार प्रोत्साहन योजना
मंईयां सम्मान योजना के अलावा राज्य सरकार महिलाओं को स्वरोजगार के लिए करीब 20,000 रुपये तक का ऋण देने की योजना पर भी काम कर रही है. इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को छोटे व्यवसाय, दुकान, पशुपालन या अन्य घरेलू उद्योग शुरू करने में मदद देना है, ताकि वे खुद की आय का स्रोत बना सकें.
सखी मंडल (JSLPS) के जरिए आजीविका
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तहत सखी मंडल का गठन किया गया है. इसके माध्यम से महिलाओं को स्वयं सहायता समूह (SHG) से जोड़ा जाता है. इन समूहों के जरिए महिलाएं बचत, ऋण और छोटे व्यवसाय के जरिए अपनी आजीविका को मजबूत बना रही हैं.
मनकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना
तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए मनकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना भी चलाई जा रही है. इसके तहत इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी कोर्स करने वाली छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाती है.
महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार का प्रयास
झारखंड सरकार की इन योजनाओं का मकसद महिलाओं और बेटियों को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना है. मंईयां सम्मान योजना जहां सीधे आर्थिक मदद देती है, वहीं अन्य योजनाएं शिक्षा, व्यवसाय और सामाजिक सशक्तिकरण के जरिए महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं.इसी कारण झारखंड में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सरकार लगातार नई योजनाएं शुरू कर रही है, ताकि राज्य की महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें.
Thenewspost - Jharkhand
4+


