रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ के पतरातू स्थित ओसम मिल्क प्लांट पर शनिवार तड़के अपराधियों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. सुबह करीब 6 बजे बाइक सवार हमलावरों ने प्लांट को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं और तुरंत फरार हो गए. घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन गोलीबारी के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए.
इस घटना के बाद कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली है. पोस्ट में प्लांट मालिक अनिरुद्ध को चेतावनी देते हुए इसे महज एक संकेत बताया गया है और आगे गंभीर हमले की धमकी भी दी गई है. गैंग ने मालिक के साथ-साथ उनके घर और परिवार को भी निशाना बनाने की बात कही है.
पुलिस फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल में जुटी है. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अपराधियों की तलाश जारी है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


