टीएनपी डेस्क(TNP DESK): आपने दुनिया में कई अजीबो-गरीब शादीयों के बारे में सुना होगा, लेकिन क्या आप ने कभी ये सुना है कि दूल्हा 70 साल का और लड़की मात्र 20 साल की. पढ़कर बेशक अजीब लगा होगा पर यह कोई कहानी नहीं बल्कि सच्चाई है. दरअसल इन दिनों एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शादी और पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते के मायने बदल दिए है.
मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से जुड़ा है. जहां से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल गर्म कर दिया है. निजी जीवन, रिश्तों और उम्र के बड़े अंतर से जुड़ा यह मामला अब राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक बहस का विषय बन गया है. मामला समाजवादी पार्टी से जुड़े एक स्थानीय नेता हाजी खलील से जुड़ा बताया जा रहा है, जिन्होंने अपने चौथे निकाह को लेकर सुर्खियां बटोरी हैं.
हाजी खलील की उम्र लगभग 70 वर्ष बताई जा रही है, जबकि उन्होंने 20 वर्षीय युवती से निकाह किया है. यह उनका चौथा विवाह बताया जा रहा है. इससे पहले उनके तीन विवाह हो चुके हैं, जिनसे उनके 11 बच्चे भी हैं. उम्र के इतने बड़े अंतर और पहले से मौजूद पारिवारिक स्थिति के कारण यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है.
बताया जा रहा है कि चौथे निकाह के बाद यह नई पत्नी उनके घर भी आ चुकी है, जिसके बाद परिवार के भीतर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. खासकर उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन इस पूरे घटनाक्रम से बेहद आहत और नाराज बताई जा रही हैं.
नाजरीन ने इस मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनके पति बार-बार निकाह करते हैं, हर पत्नी से बच्चे होते हैं, लेकिन कुछ समय बाद या तो उन्हें छोड़ दिया जाता है या फिर घर से निकाल दिया जाता है. अब एक बार फिर ऐसा ही हुआ है, जब उनके पति ने 20 वर्षीय युवती से निकाह कर उसे घर में शामिल कर लिया.
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब नाजरीन ने इस मामले की शिकायत करने की कोशिश की. उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. इसी वजह से वह अपने बेटे के साथ मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं और एडिशनल पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपी.
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पीड़िता नाजरीन ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है. उनका कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और उनके साथ जो व्यवहार हुआ है, उस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार में लगातार तनाव और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. वहीं, पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है. एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि शिकायत की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह मामला न केवल पारिवारिक विवाद के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि समाज में बढ़ती उम्र अंतर वाली शादियों और उनके बाद उत्पन्न होने वाले विवादों पर भी सवाल खड़े कर रहा है. स्थानीय स्तर पर यह घटना चर्चा का केंद्र बनी हुई है और लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

