सीतामढ़ी (BIHAR) : बिहार के सीतामढ़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान सीएसपी लूटकांड का मुख्य आरोपी फेकन कुमार उर्फ चंदन कुमार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. मामले में उसके चार साथियों को भी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को रीगा थाना क्षेत्र में एक सीएसपी संचालक से करीब 1.50 लाख रुपये की लूट हुई थी. मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी.
बड़ी लूट की योजना बनाने की मिली थी सूचना
2 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली कि नगर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी बड़ी लूट की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फेकन के चार साथियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया. हालांकि मुख्य आरोपी फेकन कुमार अपाचे बाइक से भाग निकला.
फेकन ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की
नगर थाना पुलिस की सूचना पर रीगा थाना पुलिस ने रेवासी गांव के पास घेराबंदी की. पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख फेकन ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की. एक गोली पुलिस वाहन में भी लगी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फेकन के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा.
हथियार के साथ चार शख्स को पुलिस ने दबोचा
घायल आरोपी को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और परसौनी थाना क्षेत्र से लूटी गई बिना नंबर की सफेद अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है.
पुलिस पूरे मामले की आगे की पड़ताल में जुटी
पुलिस ने बताया कि फेकन कुमार उर्फ चंदन कुमार परसौनी थाना क्षेत्र के पसुरामपुर सुंदरगामा का रहने वाला है. वह करीब 15 दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था. उसके साथ गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में लड्डू कुमार (शिवहर), अविनाश कुमार और कमलेश कुमार शामिल हैं. पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है.
