कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में पत्तल और चप्पल निर्माण की आड़ में कथित तौर पर अवैध देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मामला डोमचांच थाना से करीब 700 मीटर की दूरी और प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित एक मकान का बताया जा रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान को बिहार निवासी सूरज कुमार ने किराए पर लिया था. मकान के सामने वाले हिस्से में पत्तल और दोना बनाने का काम किया जाता था, जबकि पीछे बने कमरों में कथित तौर पर संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं. लंबे समय से लोगों को इस पर संदेह था. गुप्त सूचना मिलने के बाद कुछ स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.
बताया जा रहा है कि जब युवकों ने पीछे के कमरों का दरवाजा खुलवाया, तो वहां मौजूद कई युवक और युवतियां चेहरा ढककर बाहर निकलते दिखाई दिए. इसके बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई. वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
मौके पर मौजूद एक युवक ने कैमरे के सामने यह स्वीकार किया कि उसने वहां आने के लिए 1300 रुपये का भुगतान किया था. उसका आरोप है कि ग्राहकों को व्हाट्सएप के माध्यम से युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं और पसंद के अनुसार अलग-अलग रकम तय की जाती थी. हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि थाना और प्रखंड कार्यालय से इतनी कम दूरी पर यदि इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं, तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को क्यों नहीं मिली. लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
मामले पर कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि वायरल वीडियो का सत्यापन कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि एसडीपीओ को पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया गया है. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच में जुटी हुई है.
