चलती ट्रेन में गूंजी नवजात की पहली किलकारी. पूर्वा एक्सप्रेस में महिला ने दिया स्वस्थ बच्चे को जन्म

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 3, 2026

पूर्वा एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों के लिए यह यात्रा हमेशा यादगार बन गई, जब चलती ट्रेन में एक महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. हावड़ा से नई दिल्ली जा रही ट्रेन मधुपुर स्टेशन के करीब पहुंची ही थी कि बिहार के जमुई की रहने वाली फरहा नासहीन को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. 

देवघर:  पूर्वा एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों के लिए यह यात्रा हमेशा यादगार बन गई, जब चलती ट्रेन में एक महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. हावड़ा से नई दिल्ली जा रही ट्रेन मधुपुर स्टेशन के करीब पहुंची ही थी कि बिहार के जमुई की रहने वाली फरहा नासहीन को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. मुश्किल घड़ी में ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया. महिला की निजता बनाए रखने के लिए सहयात्रियों ने कपड़ों से घेरा बनाया और सुरक्षित माहौल तैयार किया.

इस बीच कोच अटेंडेंट ने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी. सूचना मिलते ही मधुपुर स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया. हालांकि ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दे दिया.

ट्रेन रुकते ही मेडिकल टीम ने मां और नवजात का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया. इसके बाद दोनों को बेहतर इलाज और देखभाल के लिए मधुपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों के अनुसार मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी हालत सामान्य है.

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य में पूरी तरह सुधार होने के बाद फरहा नासहीन और उनके नवजात को सुरक्षित उनके परिवार के साथ घर भेज दिया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि संकट की घड़ी में अनजान लोग भी एक परिवार की तरह साथ खड़े हो सकते हैं. यात्रियों की तत्परता और रेलवे की तेज व्यवस्था की बदौलत मां और बच्चे दोनों सुरक्षित हैं.