मुंबई के किंग्स सर्कल स्थित GSB सेवा मंडल ने अपने 72वें गणेशोत्सव से पहले भगवान महागणपति के भव्य विराट दर्शन का अनावरण किया है. महागणपति की प्रतिमा को 66 किलो से अधिक शुद्ध सोने, करीब 335 किलो चांदी और कीमती रत्नों से सजाया गया है. भव्य सजावट के कारण यह प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है और इसे आस्था, भक्ति और समृद्ध परंपरा का प्रतीक माना जाता है.
GSB सेवा मंडल की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा दशकों पुरानी है. मंडल के अनुसार, यहां अब तक एक लाख से अधिक पूजा और धार्मिक सेवाएं आयोजित की जा चुकी हैं. गणेशोत्सव के दौरान पूजा-अर्चना के साथ-साथ सेवा और अन्नदान पर भी विशेष जोर दिया जाता है.
उत्सव के दौरान मंडल की अन्नदान रसोई प्रतिदिन करीब 40 हजार श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्ध कराती है. वहीं, पूरे गणेशोत्सव के दौरान दो लाख से अधिक लोगों तक अन्नदान पहुंचाने की व्यवस्था की जाती है.
इस बीच इस वर्ष GSB महागणपति उत्सव को लेकर सुरक्षा और बीमा के स्तर पर भी खास इंतजाम किए गए हैं. महागणपति की प्रतिमा, आभूषणों, संपत्तियों और उत्सव से जुड़ी अन्य जोखिमों को मिलाकर कुल 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कवर लिया गया है.
भव्य प्रतिमा, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए इस बीमा कवर को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. GSB महागणपति का विराट स्वरूप हर साल गणेश भक्तों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहता है.
