कोडरमा :दिनदहाड़े मोबाइल दुकान संचालक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 13, 2026

तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत असनाबाद में रविवार दोपहर मोबाइल दुकान संचालक पर चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. वारदात में असनाबाद निवासी इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया गया

कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत असनाबाद में रविवार दोपहर मोबाइल दुकान संचालक पर चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. वारदात में असनाबाद निवासी इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

प्रत्यक्षदर्शी सईद नसीम के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह इम्तियाज की दुकान के पास चाय पी रहे थे. इसी दौरान अचानक एक युवक दुकान से बाहर निकलकर भागने लगा. कुछ ही क्षण बाद इम्तियाज भी लहूलुहान हालत में दुकान से बाहर निकले और भाग रहे युवक का पीछा करने लगे. हालांकि कुछ दूर जाने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया.

बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाने के दौरान घायल इम्तियाज ने गौरव कुमार नामक युवक पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया. घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

जांच के दौरान पुलिस को दुकान के पास एक प्लास्टिक बैग मिला, जिसमें नए मोबाइल का डिब्बा और खरीदारी की रसीद बरामद हुई. रसीद पर गौरव कुमार सिंह का नाम अंकित बताया जा रहा है. वहीं, दुकान के काउंटर से गौरव कुमार सिंह के आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी मिलने की बात सामने आई है.

बरामद दस्तावेजों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस गौरव कुमार सिंह की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है.