रांची (RANCHI): झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान शूटिंग रेंज की बदहाल आधारभूत संरचना, खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का विस्तृत जायजा लिया. उन्होंने शूटिंग उपकरणों की स्थिति, खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षण सुविधाओं और परिसर के रखरखाव की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. मौके पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के आधुनिकीकरण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से उसे लागू किया जाए. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और यहां के खिलाड़ियों ने देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. ऐसे में राज्य सरकार का लक्ष्य उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अवसंरचना और हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराना है. उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का भी मजबूत माध्यम है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में खेल अवसंरचना के विकास के लिए दीर्घकालिक और प्रभावी रणनीति के साथ काम किया जाए.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में उपलब्ध उपकरणों की मरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. उन्होंने परिसर में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेट की मॉक ड्रिल संबंधी जानकारी ली तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल कराने, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा.
मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने. इस दौरान उन्होंने स्वयं शूटिंग राइफल से निशाना साधकर रेंज की व्यवस्थाओं का भी अनुभव लिया. उन्होंने कहा कि यहां उपलब्ध संसाधनों को निर्धारित अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि झारखंड के खिलाड़ी यहीं उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का नाम रोशन कर सकें.
