चिरकुंडा में कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार का नागरिक अभिनंदन, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 6, 2026

चिरकुंडा मारवाड़ी सम्मेलन एवं चिरकुंडा मारवाड़ी महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कुमारधुबी क्लब में पश्चिम बंगाल सरकार के पीडब्ल्यूडी एवं पीएचईडी विभाग के कैबिनेट मंत्री सह  कुल्टी के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया

TNPDESK: चिरकुंडा मारवाड़ी सम्मेलन एवं चिरकुंडा मारवाड़ी महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कुमारधुबी क्लब में पश्चिम बंगाल सरकार के पीडब्ल्यूडी एवं पीएचईडी विभाग के कैबिनेट मंत्री सह  कुल्टी के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया. इस मौके  पर शिक्षा, खेल, संस्कृति, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और  समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ. इसके बाद डॉ. पोद्दार को पौधा भेंट कर, शॉल ओढ़ाकर एवं अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. 

अपने संबोधन की शुरुआत मातृशक्ति को नमन करते हुए डॉ. पोद्दार ने कहा कि मारवाड़ी समाज ने व्यापार के साथ-साथ शिक्षा, उद्योग, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है.  उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं. 

उन्होंने कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल के व्यापार में मारवाड़ी समाज की लगभग 22 प्रतिशत हिस्सेदारी थी, जो समय के साथ घटकर 3 से 4 प्रतिशत रह गई है.  इस स्थिति में सुधार के लिए समाज को अपने बच्चों को व्यापार, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना होगा. उन्होंने कहा कि पूर्वजों ने परिश्रम, ईमानदारी और संघर्ष के बल पर समाज को प्रतिष्ठित स्थान दिलाया था, जिसकी विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है. 

डॉ. पोद्दार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की रुचि और प्रतिभा के अनुरूप उन्हें हरसंभव सहयोग दें, ताकि वे अपने पसंदीदा क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें.  उन्होंने संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा की आधारशिला है. उन्होंने बच्चों से संस्कृत का अध्ययन करने का आह्वान करते हुए इसके वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर भी अपने विचार साझा किए. 

अपने संबोधन के दौरान डॉ. पोद्दार ने राजनीतिक विषय पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में भय का वातावरण समाप्त हुआ है और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है, जिससे विकास एवं प्रगति के नए अवसर सृजित हो रहे हैं. 

समारोह को चिरकुंडा मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, महामंत्री सुनील हाड़ा, चिरकुंडा मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्षा आशा शर्मा, सचिव संगीता अग्रवाल, अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन, झारखंड के प्रांताध्यक्ष राजेश रिटोलिया, प्रांतीय महामंत्री चंदू अग्रवाल, सीए ललित कुमार अग्रवाल एवं कृष्ण लाल रूंगटा ने भी संबोधित किया.