पश्चिमी सिंहभूम: सारंडा क्षेत्र के छोटानागरा थाना अंतर्गत दुईआ गांव में रक्षाबंधन की रात अंधविश्वास से जुड़ी सनसनीखेज घटना सामने आई है. 35 वर्षीय मंजू गोप ने गांव के ही राम गोप उर्फ ऊंतू गोप पर डायन समझकर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. महिला के मुताबिक, 28 अगस्त की रात करीब 8 बजे काम से घर लौटते समय आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया और जमीन पर पटककर दोनों हाथों से उसका गला दबाने लगा. काफी संघर्ष के बाद वह किसी तरह आरोपी की पकड़ से छूटकर वहां से भाग निकली.
घटना के बाद मंजू सीधे गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी. बताया जा रहा है कि महिला के गले पर दबाने के निशान भी नजर आए. घटना के बाद पीड़िता और उसके परिवार में डर का माहौल है और उन्हें आरोपी की ओर से दोबारा हमले की आशंका है.
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे डायन मानता है और इसी वजह से हमला किया गया. मंजू के अनुसार, वह 29 अगस्त को छोटानागरा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देगी. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई और हमले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
