नामकुम थाना क्षेत्र के पुराना रामपुर के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. NH-33 पर सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में जुटे मजदूरों को तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए.
सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर तेज रफ्तार में था और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया. इसके बाद वाहन मजदूरों को टक्कर मारते हुए सड़क पर पलट गया.
हादसे के कारण NH-33 पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने कंटेनर को हटाकर आवागमन सामान्य कराया. दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और कंटेनर चालक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी है.
