पैदल घर लौट रहे थे महेंद्र चंद्रवंशी
मृतक की पहचान रंका खुर्द के देशहवा टोला निवासी 50 वर्षीय महेंद्र चंद्रवंशी के रूप में हुई है. उनके पिता का नाम बालगोबिंद राम बताया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार महेंद्र चंद्रवंशी माझीगांवा गांव से पैदल अपने घर रंका खुर्द के देशहवा टोला की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रंका-चिनियां मुख्य सड़क पर तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद महेंद्र सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर पहुंची रंका पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. इसके बाद हादसे की सूचना रंका थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने महेंद्र चंद्रवंशी के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है. स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और इसी दौरान पैदल जा रहे महेंद्र चंद्रवंशी उसकी चपेट में आ गए. रंका-चिनियां मुख्य सड़क पर हुई इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले सड़क हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. मामले में रंका थाना के पुलिस पदाधिकारी उमाशंकर प्रधान की ओर से पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी गई है. वहीं स्थानीय बीरेंद्र ने भी घटना के संबंध में जानकारी साझा की.
