BIG BREAKING : बाढ़ में कर्मा पूजा पर बडा हादसा,11 बच्चे गंगा में डूबे, एक की मौत, मची चीख-पुकार

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 23, 2026

बड़ी खबर : बाढ़ (पटना): पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में कर्मा-धर्मा पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन के समय अलग-अलग स्थानों पर बड़ा हादसा हो गया. बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में गंगा नदी में कुल 11 बच्चे और किशोर डूबने लगे. इनमें चार को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है. छह अन्य की तलाश जारी है.

पोस्ट ऑफिस घाट पर दो युवक लापता

बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर कर्मा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचे तीन युवक गंगा में स्नान के दौरान डूबने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन दो युवक गहरे पानी में चले गए. लापता युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी 10 वर्षीय पीयूष कुमार, पिता प्रेम पंडित और 15 वर्षीय सुजीत कुमार, पिता बबलू चौधरी के रूप में हुई है. पीयूष की मां पूजा देवी के मुताबिक, उनका बेटा मूर्ति विसर्जन के लिए घाट गया था. विसर्जन के बाद बच्चे गंगा में स्नान करने लगे और इसी दौरान हादसा हो गया. अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दोनों लापता युवकों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है और एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है.

अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में डूबे

अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर 9 में भी कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान भाई-बहन के गंगा में डूबने की घटना सामने आई. दोनों की तलाश की जा रही है. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ को सूचना दी गई है.

बख्तियारपुर में छह डूबे, तीन को बचाया

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास मूर्ति विसर्जन करने गए छह युवक गंगा में डूबने लगे. स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि तीन अन्य डूब गए. इनमें देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार, पिता रामेश्वर मोची का शव बरामद किया गया है. वहीं गोलू कुमार, पिता अनिल कुमार और बलवीर कुमार, पिता निर्मल मोची की तलाश जारी है. थानाध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है और एसडीआरएफ की टीम को बचाव अभियान के लिए बुलाया गया है.
बाढ में कर्मा पूजा पर बडा हादसा,11 बच्चे गंगा में डूबे, एक की मौत, 6 की तलाश जारी