पलामू: जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम बटाने नदी में बड़ा हादसा हो गया. बेलघाटी पुल के समीप पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवक नदी में नहाने के दौरान डूब गए. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल नदी में तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद एक युवक को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला गया, जबकि दो अन्य युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका.
जानकारी के अनुसार, बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव निवासी राजेंद्र साव अपने दो साथियों रितिक और टेनी के साथ पिकनिक मनाने हरिहरगंज पहुंचे थे. इसी दौरान तीनों बटाने नदी में नहाने के लिए उतर गए. नदी में जाने के कुछ ही देर बाद तीनों गहरे पानी की चपेट में आ गए और देखते ही देखते डूब गए.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में युवकों की तलाश शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के प्रयास से राजेंद्र साव को नदी से बाहर निकाल लिया गया. उस समय उसकी हालत गंभीर थी और वह बेहोश था. होश में आने के बाद राजेंद्र ने पुलिस को अपने दोनों साथियों के नदी में डूबने की जानकारी दी.
इसके बाद पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में सर्च अभियान चलाया. रविवार को घटनास्थल के पास एक पत्थर से फंसा रितिक का शव बरामद कर लिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि रितिक का शव बरामद हो चुका है. तीसरे युवक टेनी की तलाश के लिए एसडीआरएफ की मदद मांगी गई है. फिलहाल ग्रामीणों के सहयोग से भी नदी में खोजबीन जारी है.
हादसे की खबर मिलने के बाद तीनों युवकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. घटना के बाद मौके पर मातम का माहौल है.
