रामगढ़ (RAMGARH): झारखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रामगढ़ जिले के पतरातू डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. जलस्तर 1327.5 आरएल तक पहुंचने के बाद डैम प्रबंधन और जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर डैम के दो फाटक खोल दिए. बता दें, बीती रात करीब 9:30 बजे गेट नंबर 4 और 5 को खोला गया. इन दोनों फाटकों से फिलहाल करीब 264 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है. डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन की ओर से आसपास के इलाकों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया गया.
पतरातू डैम के आसपास मौजूद छोटी-बड़ी सहायक नदियों और जलस्रोतों में भी बारिश के कारण पानी का बहाव बढ़ गया है. दामोदर और भैरवी नदी समेत आसपास की अन्य नदियां उफान पर हैं. प्रशासन ने नदी और डैम के आसपास रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है. लोगों से अपील की गई है कि वे जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे या निचले इलाकों में जाने से बचें. डैम से पानी छोड़े जाने के बाद आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
वहीं, पतरातू डैम के फाटकों के पास लोगों के जाने पर रोक लगाई गई है. इसके बावजूद कुछ लोग सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर डैम के फाटकों के समीप पहुंच रहे हैं और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं. ऐसे में किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी जान जोखिम में न डालें और प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से बचें. लगातार बारिश और डैम से पानी की निकासी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
