पटना (PATNA): बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी खबर सामने आई है. बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC ने TRE-4.0 शिक्षक भर्ती परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए राज्य में कुल 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति की जाएगी. बता दें, पिछले काफी समय से अभ्यर्थी TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे थे और भर्ती में देरी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे. इसी बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी अभ्यर्थियों को जल्द नोटिफिकेशन जारी होने का भरोसा दिया था. आज मंगलवार को मंत्री ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद भर्ती प्रक्रिया को लेकर तैयारियों की जानकारी दी. अब BPSC की ओर से अधिसूचना जारी होने के साथ ही अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है. भर्ती के तहत भारतीय उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
आपको बता दें, BPSC TRE-4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 29 सितंबर 2026 रखी गई है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. आवेदन करते समय व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण सावधानीपूर्वक भरना होगा. किसी भी गलती की स्थिति में आवेदन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, इसलिए फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच करना जरूरी होगा.
TRE-4.0 भर्ती के तहत बिहार में कुल 32,388 रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. हालांकि, अलग-अलग वर्ग और विषय के अनुसार पदों का विस्तृत ब्योरा, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न, आवेदन शुल्क और अन्य नियम आयोग की आधिकारिक अधिसूचना में दिए गए हैं. अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है, ताकि पात्रता और आवेदन से जुड़े सभी नियम स्पष्ट हो सकें. TRE-4.0 का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अब बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण शुरू हो गया है. लंबे समय से चल रही मांग और इंतजार के बाद यह भर्ती राज्य के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है.
