राहुल दुबे गैंग ने बालूमाथ में मचाया उत्पात, मगध कोल प्रोजेक्ट पर फायरिंग, कहा - आगे देख लेना..!

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 3, 2026

बालूमाथ थाना क्षेत्र में मगध कोलियरी के चमातू स्थित कांटा घर पर देर रात करीबन 1 बजे गोलीबारी की घटना सामने आई है. फायरिंग में अरुण उरांव नामक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई. घायल को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया

 

लातेहार (LATEHAR): जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में मगध कोलियरी के चमातू स्थित कांटा घर पर देर रात करीबन 1 बजे गोलीबारी की घटना सामने आई है. फायरिंग में अरुण उरांव नामक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई. घायल को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. संजय सिद्धार्थ ने उसका इलाज किया. घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना पुलिस और अमरवाडीह पिकेट की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और गोलीबारी के पीछे शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है.

राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया प्रेस रिलीज में ली जिम्मेदारी

घटना के बाद 3 सितंबर 2026 को कथित तौर पर प्रकाश शुक्ला के नाम से एक प्रेस रिलीज जारी की गई. इसमें राहुल दुबे गैंग की ओर से बालूमाथ स्थित VPR कंपनी के कांटा घर पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. प्रेस रिलीज में दावा किया गया है कि यह कार्रवाई कंपनी के एक अधिकारी को किए गए कॉल और मैसेज को कथित तौर पर नजरअंदाज किए जाने के बाद की गई. रिलीज में VPR कंपनी के अधिकारी श्रीनिवास रेड्डी को भी संबोधित किया गया है. कथित प्रेस रिलीज में आगे भविष्य में कांटा घर और कार्यालयों को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि फायरिंग के पीछे वास्तव में कौन लोग शामिल हैं.

फिलहाल पुलिस गोलीबारी के कारण, हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के मकसद की जांच कर रही है. साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना का संबंध किसी आपराधिक गिरोह से है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. गोलीबारी में घायल अरुण उरांव का इलाज कराया गया है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.