चतरा (CHATRA): खाकी वर्दी का खौफ अब जैसे लोगों में खत्म होता जा रहा है. इसी कड़ी में ताज़ा मामला सामने आया है चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव से, जहां कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी उग्र भीड़ के हमले का सामना करना पड़ा. पथराव में टंडवा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक पप्पू शर्मा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी. इसके बाद भीड़ को पीछे हटाया जा सका.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिदपा गांव में एक युवक और युवती के मिलने की सूचना के बाद कुछ ग्रामीण मौके पर जुट गए थे. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने दोनों को पकड़ने की कोशिश की. इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला हाथापाई और हिंसक झड़प तक पहुंच गया. मामले की सूचना पुलिस को मिली तो टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे. पुलिस का प्रयास था कि स्थिति को शांत कराया जाए और विवाद में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जाए. लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ अचानक उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया.
अचानक हुए हमले में थाना प्रभारी पप्पू शर्मा को सिर और हाथ में चोट लगी. उन्हें तत्काल एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. पुलिस टीम के अन्य जवानों के भी घायल होने की सूचना है. घटना के दौरान पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है. स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस को आत्मरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी. पुलिस की फायरिंग के बाद भीड़ पीछे हटी और जवानों ने मौके से स्थिति को संभालने की कोशिश की. एसपी अनिमेष नैथानी ने भी हवाई फायरिंग की पुष्टि की है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल को सिदपा गांव भेजा गया. टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बड़वार और चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला. आसपास के थानों से भी जवानों को बुलाकर गांव में तैनाती की गई है. पुलिस की मौजूदगी बढ़ने के बाद गांव में हालात फिलहाल नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, हालांकि तनाव को देखते हुए जवानों को तैनात रखा गया है. बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक युवक को ग्रामीणों ने अपने कब्जे में ले लिया था. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे ग्रामीणों के चंगुल से निकालने का प्रयास किया. पथराव और विरोध के बावजूद पुलिस ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ रिपोर्टों के अनुसार, देर रात अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से युवक को मुक्त कराया गया.
घटना के बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस पर पथराव और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है. साथ ही विवाद की असली वजह और घटना के दौरान क्या-क्या हुआ, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है. चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने भी बिना पुष्टि किसी तरह की भ्रामक सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
