झारखंड में बढ़ रहा H1N1 का संक्रमण, अब तक 8 सैंपल पॉजिटिव; स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को किया अलर्ट

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 29, 2026

 झारखंड में H1N1 वायरस से होने वाले स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी की जानकारी सामने आ रही है. राज्य के विभिन्न इलाकों से जांच के लिए भेजे गए संदिग्ध मरीजों के सैंपल में अब तक 8 में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने की बात सामने आई है.

रांची: झारखंड में H1N1 वायरस से होने वाले स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी की जानकारी सामने आ रही है. राज्य के विभिन्न इलाकों से जांच के लिए भेजे गए संदिग्ध मरीजों के सैंपल में अब तक 8 में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने की बात सामने आई है. हालांकि, बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक आंकड़ा या विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.

वहीं, रांची स्थित रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. मनोज कुमार ने बातचीत में बताया कि अस्पताल में जांच के लिए पहुंचे कुछ नमूनों में H1N1 संक्रमण पाया गया है. उन्होंने लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहने की सलाह दी है.

 

अस्पतालों को तैयारी पूरी रखने के निर्देश

स्वाइन फ्लू के संभावित बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों और सदर अस्पतालों के उपाधीक्षकों के साथ ऑनलाइन बैठक की थी. इस दौरान एसीएस हेल्थ की ओर से अस्पतालों को आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया गया.

हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसे किसी मौजूदा प्रकोप के तौर पर आधिकारिक रूप से स्वीकार नहीं किया गया है. विभाग के एक IEC अधिकारी के अनुसार, बैठक में दिए गए निर्देश एहतियाती तैयारी के तहत थे, ताकि भविष्य में H1N1 का कोई मामला सामने आने पर स्वास्थ्य व्यवस्था तुरंत प्रतिक्रिया दे सके.

 

रांची में भी कई लोगों के संक्रमित होने की सूचना

स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, राजधानी रांची में भी H1N1 संक्रमण के कई मामले सामने आने की जानकारी है. रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से जुड़े एक डॉक्टर और उनके बेटे के संक्रमित होने की भी सूचना है. इसके अलावा एक हॉस्टल में रहने वाले कुछ छात्रों के भी स्वाइन फ्लू से प्रभावित होने की खबर है. एक निजी अस्पताल में मरीजों के भर्ती होने की जानकारी भी सामने आई है.

 

डॉ. मनोज कुमार के अनुसार, सामान्य तौर पर H1N1 संक्रमण बहुत ज्यादा गंभीर नहीं होता. हालांकि, बुजुर्गों, बच्चों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों में इसका असर ज्यादा गंभीर हो सकता है. ऐसे लोगों को संक्रमण के लक्षण दिखने पर लापरवाही न करते हुए समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है.