JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी: CID ने चार सफल अभ्यर्थियों को किया गिरफ्तार

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 29, 2026

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में कथित अनियमितता की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच के दौरान सीआईडी ने परीक्षा में सफल चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है.

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में कथित अनियमितता की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच के दौरान सीआईडी ने परीक्षा में सफल चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत की गई है.

सीआईडी की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, JSSC-CGL परीक्षा में कथित अनियमितता से जुड़े मामले की जांच के क्रम में इन चार अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी हुई है. गिरफ्तार किए गए लोगों में दीपक कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी और आनंद कुमार सिंह शामिल हैं.

जांच एजेंसी के मुताबिक, दीपक कुमार का पता धनबाद के नावाडीह स्थित श्यामली होटल के पास डुप्लेक्स सनशाइन अपार्टमेंट बताया गया है. वहीं, उमेश कुमार राय मूल रूप से भोजपुर, बिहार के जगदीशपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में बोकारो के दुग्दा में रह रहे थे. विजय कुमार तिवारी धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के धड़कीडो गांव के निवासी बताए गए हैं. जबकि आनंद कुमार सिंह मूल रूप से सारण, बिहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में धनबाद के सुदामडीह में रह रहे थे.

यह पूरा मामला झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में कथित गड़बड़ी से संबंधित है. मामले की जांच सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत जारी है.

हालांकि, सीआईडी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह विस्तार से नहीं बताया गया है कि गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों की कथित भूमिका क्या थी और परीक्षा में किस तरह की अनियमितता के आरोप उनके खिलाफ हैं. ऐसे में जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.