धनबाद के बलियापुर प्रखंड के बाघमारा पंचायत अंतर्गत हरिहरिटांड़-टेका खुटु जंगल स्थित एक खदान में गुरुवार को महिला का कंकाल मिला है. कंकाल की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना बलियापुर थाना पुलिस को दी। इसके बाद थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खदान से कंकाल को बरामद किया।पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया कंकाल करीब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिला का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने अनुमान जताया है कि कंकाल करीब दो महीने पुराना हो सकता है। कंकाल के साथ साड़ी भी मिली है, जिससे उसके महिला का होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकेगी। यदि धनबाद में कंकाल का पोस्टमार्टम संभव नहीं हुआ तो इसे जांच के लिए रांची रिम्स भेजा जा सकता है. घटना के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला के लापता होने से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. साथ ही कंकाल की पहचान के लिए भी प्रयास किए जा रहे है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत कैसे हुई और कंकाल खदान तक कैसे पहुंचा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
