रांची: झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार के 6 सितंबर 2026 को गिरिडीह में हुए आकस्मिक निधन पर झारखंड विधानसभा सचिवालय में मंगलवार को शोकसभा का आयोजन किया गया. विधानसभा सचिवालय के पोर्टिको संख्या-3 में अपराह्न 4 बजे आयोजित इस शोकसभा में सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत मंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
शोकसभा के दौरान झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार ने शोक संदेश पढ़ा. उन्होंने सुदिव्य कुमार के राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों को स्मरण करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला.
शोक संदेश में बताया गया कि सुदिव्य कुमार का जन्म 26 जुलाई 1970 को गिरिडीह, झारखंड में हुआ था. वे वर्ष 1989 से सक्रिय राजनीति में रहे और झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े रहते हुए संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. वर्ष 2019 में उन्होंने गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधायक के रूप में विधानसभा में प्रवेश किया.
अपने प्रथम कार्यकाल के दौरान उन्होंने विधानसभा की लोक लेखा समिति, सामान्य प्रयोजन समिति और प्रत्यायुक्त विधान समिति के सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभाई. सदन की कार्यवाहियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी. वे जनहित और अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन के समक्ष रखते थे.
वर्ष 2024 में वे पुनः गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए. इसके बाद झारखंड सरकार में उन्हें मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई.
शोकसभा के अंत में विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया और सुदिव्य कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की.
