बोकारो: स्वामी सहजानंद समाज के चुनाव में हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 20, 2026

स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज, बोकारो के चुनाव को लेकर रविवार को सेक्टर-8 स्थित समाज के बीएड कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ. चुनाव की निष्पक्षता को लेकर समाज के कुछ सदस्यों ने सवाल उठाए और विरोध प्रदर्शन के दौरान मतपेटी को बाहर ले जाकर फेंकने की बात सामने आई. 

बोकारो: स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज, बोकारो के चुनाव को लेकर रविवार को सेक्टर-8 स्थित समाज के बीएड कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ. चुनाव की निष्पक्षता को लेकर समाज के कुछ सदस्यों ने सवाल उठाए और विरोध प्रदर्शन के दौरान मतपेटी को बाहर ले जाकर फेंकने की बात सामने आई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद फिलहाल चुनाव प्रक्रिया रोक दी गई है.

चुनाव संपन्न कराने के लिए तीन लोगों को चुनाव पदाधिकारी बनाया गया है. अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अविनाश कुमार ने चुनाव पदाधिकारी प्रमोद सिंह पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि कुछ लोगों को नियमों के विपरीत मतदाता सूची में शामिल किया गया है. अविनाश कुमार ने विरोध करने पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है.

वहीं, चुनाव पदाधिकारी राकेश राय ने चुनाव प्रक्रिया में पूरी निष्पक्षता बरते जाने का दावा किया है. उनका कहना है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वही लोग चुनाव का विरोध कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यह राजनीतिक चुनाव नहीं है, इसलिए मतदान के दौरान एजेंट रखने की कोई आवश्यकता नहीं है.

जानकारी के मुताबिक, स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज का चुनाव करीब 13 साल बाद कराया जा रहा है. चुनाव से पहले सदस्यता अभियान भी चलाया गया था. आरोप है कि सदस्यता अभियान के दौरान सदस्य बने करीब 500 लोगों को चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने का मौका नहीं दिया जा रहा है.

चुनाव को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. विवाद के बाद पुलिस की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है. अब आगे चुनाव कब और किस प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा, इस पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है.