जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा की नेपाली बस्ती में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. अचानक हुई इस झड़प से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने बस्ती में स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
एमजीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया. इनमें शंकोसाई निवासी राहुल कर, उसका साथी धीरज कुमार और दूसरे पक्ष का मुन्ना थापा शामिल हैं. बताया जा रहा है कि राहुल कर और धीरज कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है. वहीं, मारपीट में भोतू, छोटू रजक और विशेश्वर भी घायल हुए हैं. घटना के बाद कुछ समय तक नेपाली बस्ती में तनाव और भय का माहौल रहा. हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत शुक्रवार को नेपाली बस्ती में निकाले गए विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी. जुलूस में नाचने को लेकर बस्ती के सुशील नामक युवक और कुछ लोगों के बीच कहासुनी के बाद झड़प हुई थी. उस समय स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था. बताया जा रहा है कि शनिवार शाम सुशील अपने आठ-दस साथियों के साथ दोबारा बस्ती पहुंचा. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद फिर से शुरू होकर हिंसक मारपीट में बदल गया. एमजीएम थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
