ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले ASI का मिला शव, इलाके में मची सनसनी

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 13, 2026

बिहार के मधुबनी जिले के चर्चित ASI फायरिंग कांड में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग कर एक व्यक्ति की हत्या और तीन लोगों को घायल करने के मामले में फरार चल रहे सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन सिंह का शव बरामद किया गया है.

मधुबनी (MADHUBANI): बिहार के मधुबनी जिले के चर्चित ASI फायरिंग कांड में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग कर एक व्यक्ति की हत्या और तीन लोगों को घायल करने के मामले में फरार चल रहे सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन सिंह का शव बरामद किया गया है. गुरुवार देर शाम बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ इलाके में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वहीं, घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

जानकारी के अनुसार, बलिराजगढ़ इलाके में ASI चंद्रमोहन सिंह को एक युवती के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में ग्रामीणों ने देख लिया था. इसके बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई. आरोप है कि इस दौरान ASI चंद्रमोहन सिंह ने ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

वारदात के बाद आरोपी ASI मौके से फरार हो गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. पुलिस के लिए उसकी गिरफ्तारी एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी. इसी बीच गुरुवार देर शाम बलिराजगढ़ इलाके में उसका शव बरामद होने की खबर सामने आई. शव मिलने के बाद मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है. हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है.

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक जांच की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. पुलिस अधिकारियों के बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ASI की मौत के पीछे क्या वजह रही. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मधुबनी पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है.