JSSC-JPSC में कथित गड़बड़ी में सीबीआई जांच की मांग को लेकर गढ़वा में भाजपा का प्रदर्शन

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 8, 2026

झारखंड भाजपा के निर्देश पर राज्य के सभी 24 जिलों में डीसी और एसपी कार्यालय घेराव कार्यक्रम के तहत आज गढ़वा में भी प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत टाउन हॉल मैदान से हुई.

झारखंड भाजपा के निर्देश पर राज्य के सभी 24 जिलों में डीसी और एसपी कार्यालय घेराव कार्यक्रम के तहत आज गढ़वा में भी प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत टाउन हॉल मैदान से हुई.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और स्थानीय भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी शामिल हुए. समाहरणालय घेराव से पूर्व टाउन हॉल मैदान में सभा का आयोजन किया गया, जिसे स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संबोधित किया.भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी को पता है. उन्होंने बालू और कोयले के कथित अवैध कारोबार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में बालू और कोयले की कालाबाजारी हो रही है. विधायक ने मंईयां सम्मान योजना और सरकारी नौकरियों को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए.

उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के बच्चों को नौकरी नहीं मिल रही, जबकि पैसे के बल पर प्रभावशाली लोगों के बच्चों को सरकारी पद मिल रहे हैं. सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि भाजपा के दबाव में कुछ परीक्षाएं रद्द की गई हैं और पार्टी जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग कर रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन के दौरान जेएमएम से जुड़े लोगों ने छात्रों के साथ मारपीट की. उन्होंने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की.

वहीं, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल समेत परीक्षाओं में कथित घोटाले की सीबीआई जांच और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर पूरे राज्य में आंदोलन किया जा रहा है. संजय सेठ ने आरोप लगाया कि झारखंड में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है.

उन्होंने दावा किया कि यहां सिर्फ पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि पदों की कथित खरीद-फरोख्त तक के आरोप सामने आए हैं. उन्होंने अलग-अलग सरकारी पदों के लिए करोड़ों रुपये के लेन-देन के आरोप लगाए. रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि छात्रों ने बिना किसी राजनीतिक समर्थन और बिना किसी देशविरोधी नारे के शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस छोड़ी गई और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया.उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द करना इस पूरे मामले का समाधान नहीं है. सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन कंपनियों पर दूसरे राज्यों में कार्रवाई हुई या जिन्हें ब्लैकलिस्ट किया गया, उन्हें झारखंड में काम दिया गया.

संजय सेठ ने दावा किया कि कथित घोटाले से जुड़े कई सबूत मौजूद हैं और इसकी जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि बालू, कोयला और गिट्टी से जुड़े मामलों की जांच पहले सीआईडी को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. ऐसे में जेएसएससी-जेपीएससी से जुड़े कथित घोटाले की जांच भी सीआईडी के बजाय सीबीआई से कराई जानी चाहिए. उन्होंने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी सीबीआई जांच की मांग करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करने की चुनौती दी. संजय सेठ ने आरोप लगाया कि यह मामला मुख्यमंत्री आवास तक जुड़ा हुआ है.

रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार