रांची: गुमला में एक कार से पुलिस ने एके 47और कार्बाइन जैसे घातक हथियार जब्त किया है.बरामद हथियार लेकर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए निकले थे. तभी इसकी सूचना पुलिस को मिली जिसके बाद कार्रवाई की गई है. पुलिस की यह कार्रवाई भरनो क्षेत्र के लोकोटोली के पास की गई है. जिसमें एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. इसकी पुष्टि गुमला एसपी ने की है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
बताया जा रहा है कि गुमला में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधी पहुंचे थे. लेकिन इसकी सूचना गुमला पुलिस अधीक्षक को लग गई. जिसके बाद छापेमारी शुरू की गई. और आखिर में पुलिस ने अपराधी के मंसूबे पर पानी फेर दिया. इस पूरे मामले को लेकर गुमला में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस महकमा भी सकते में है. आखिर इतनी घातक हथियार का इस्तेमाल कहां होने वाला था इसकी जांच की जा रही है. साथ ही इस पूरे कहानी के पीछे कौन गैंग है. फिलहाल पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है.
इस पूरे मामले में गुमला एसपी हारिश बिन जमां ने बताया कि दो हथियार बरामद किए गए है. जिसमें AK 47 और कार्बाइन शामिल है. अभी तक किसी गिरोह से जुड़े होने की बात सामने नहीं आई है. इस मामले में एक व्यक्ति राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है.
दरअसल हाल के दिनों में गुमला में कई गैंग एक्टिव दिखे है. विदेश में बैठ कर आतंक मचाने वाले राहुल सिंह गैंग भी बीते दिनों गुमला में भारत माला प्रोजेक्ट पर गोली बारी की वारदात को अंजाम दिया था. इसके बाद पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई थी. जिसका नतीजा है कि अब एके 47 और अन्य हथियार जब्त किया गया है.
हथियार बरामद की सूचना से पूरे गुमला में हड़कंप मचा है. आखिर गैंगस्टर की क्या मंशा है. अगर यह हथियार जगह पर पहुंच जाता तो बड़ी वारदात हो सकती थी. जिससे पूरा गुमला दहल जाता. लेकिन एक बड़ी घटना होते होते टल गई है.
