साहिबगंज (SAHEBGANJ): जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र के मयूर कोला के समीप संचालित एक पत्थर खदान में दुर्घटना होने की सूचना से इलाके में हलचल मच गई है. घटना से संबंधित वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद खदान में सुरक्षा इंतजामों के साथ-साथ खनन कार्यों के नियमों के अनुपालन पर भी सवाल उठने लगे हैं.
जानकारी के अनुसार खदान क्षेत्र में भारी मशीनों के माध्यम से पत्थर निकालने और जमीन की खुदाई का कार्य किया जा रहा था. इसी दौरान दुर्घटना होने की बात सामने आई है. वायरल वीडियो में घटनास्थल पर भारी मशीनें, मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थरों का ढेर दिखाई दे रहा है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों और नुकसान को लेकर अब तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
इधर, स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया जा रहा है कि निर्धारित खनन क्षेत्र के अलावा आसपास की अन्य जमीनों पर भी खुदाई कर पत्थर निकाले जा रहे हैं. ऐसे में यह जांच का विषय बन गया है कि खनन कार्य स्वीकृत लीज क्षेत्र के भीतर हो रहा है या निर्धारित सीमा से बाहर भी खुदाई की जा रही है.
घटनास्थल पर लगे सूचना पट्ट के अनुसार, खदान का संबंध मेसर्स गुरु स्टोन वर्क्स से बताया गया है. सूचना पट्ट पर प्रोपराइटर के रूप में अमरजीत सिंह का नाम दर्ज है. इसके अलावा मौजा प्रतापपाड़ा एवं फतेहपुर, डाकघर मयूरकोला, थाना कोटालपोखर और जिला साहिबगंज का उल्लेख किया गया है.
घटना के बाद खनन विभाग की कार्यप्रणाली और नियमित निरीक्षण व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खदान की निर्धारित सीमा की मापी कराने,खनन संबंधी दस्तावेजों एवं अनुमति की जांच करने तथा सुरक्षा मानकों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है.
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों, किसी के हताहत होने और निर्धारित क्षेत्र से बाहर कथित खुदाई किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर
