आग का गोला बनी पिकअप, धू-धू कर जलता रहा पुआल, देखते ही देखते गाड़ी हुई राख, वीडियो वायरल

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 9, 2026

जमशेदपुर के पारडीह चौक के पास सोमवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड हो गया. यहां पुआल से लदे एक पिकअप वैन में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया और देखते ही देखते जलकर राख हो गया.

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के पारडीह चौक के पास सोमवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड हो गया. यहां पुआल से लदे एक पिकअप वैन में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया और देखते ही देखते जलकर राख हो गया. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वैन में पुआल लदा हुआ था. इसी दौरान किसी युवक ने कथित तौर पर पटाखा या रॉकेट चलाया. बताया जा रहा है कि पटाखे से निकली चिंगारी सीधे पुआल पर जा गिरी, जिससे उसमें आग लग गई. सूखे पुआल ने तेजी से आग पकड़ ली और कुछ ही देर में लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगते ही चालक ने पिकअप को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश की. हालांकि, हवा और वाहन की गति के कारण आग और तेजी से फैलने लगी. स्थिति बिगड़ती देख चालक ने कुछ दूरी पर ही गाड़ी रोक दी.

इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका. लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया. इस दौरान आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. जब तक दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक पिकअप वैन पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की देरी को लेकर नाराजगी जताई. फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से पटाखे की चिंगारी की आशंका जताई जा रही है.

रिपोर्ट: रंजीत ओझा