BREAKING: दुमका कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, स्पीड पोस्ट से आई चिट्ठी के बाद मचा हड़कंप

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 2, 2026

दुमका और गोड्डा कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दुमका के नाम स्पीड पोस्ट के जरिए एक धमकी भरी चिट्ठी भेजी गई, 

 

 

दुमका (DUMKA): दुमका और गोड्डा कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दुमका के नाम स्पीड पोस्ट के जरिए एक धमकी भरी चिट्ठी भेजी गई, जिसमें दुमका कोर्ट पर हमले की बात लिखी गई है. चिट्ठी बंगला भाषा में लिखी गई है और उसके साथ दो लोगों के नाम तथा एक आधार कार्ड की प्रति भी संलग्न थी.

कोर्ट परिसर की बढ़ाई गई सुरक्षा, डॉग स्क्वॉड ने की जांच

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. कोर्ट परिसर की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई. डॉग स्क्वॉड की टीम ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली और हर संवेदनशील स्थान का निरीक्षण किया. हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई.

आधार कार्ड का हुआ दुरुपयोग

दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि चिट्ठी के साथ भेजे गए आधार कार्ड और संबंधित व्यक्ति का सत्यापन कराया गया. जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति के नाम और आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया, उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है. संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके आधार कार्ड का किसी ने दुरुपयोग कर यह चिट्ठी भेजी है.

पश्चिम बंगाल से भेजी गई थी स्पीड पोस्ट

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि धमकी भरी स्पीड पोस्ट पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले के भातार थाना क्षेत्र से भेजी गई थी. पुलिस चिट्ठी भेजने वाले की पहचान करने और उसके उद्देश्य का पता लगाने में जुटी हुई है.

फिलहाल दुमका कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और मामले से जुड़े तकनीकी एवं अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

रिपोर्ट : पंचम झा