श्रावणी मेले पर रेलवे की बड़ी सौगात: हावड़ा-नटेसर स्पेशल ट्रेन का हुआ ऐलान, तीन मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 2, 2026

श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है. रेलवे ने हावड़ा और नटेसर के बीच नई श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. 

 

 

देवघर (DEOGHAR): श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है. रेलवे ने हावड़ा और नटेसर के बीच नई श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. इसके अलावा यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो स्पेशल ट्रेनों की सेवा अवधि भी बढ़ा दी गई है. हालांकि, अनुरक्षण कार्य के कारण 2 जुलाई को तीन मेमू ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा.

रेलवे के अनुसार, 03001 हावड़ा–नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन 5 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक किया जाएगा. यह ट्रेन प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को कुल 38 फेरे लगाएगी. ट्रेन रात 11:50 बजे हावड़ा से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12 बजे नटेसर पहुंचेगी. वहीं, 03002 नटेसर–हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल 6 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी. यह ट्रेन दोपहर 1 बजे नटेसर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी. दोनों स्पेशल ट्रेनों का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा. यात्रियों के लिए इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

दो स्पेशल ट्रेनों की सेवा अवधि बढ़ी

श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने 02023/02024 हावड़ा–पटना–हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल के संचालन को 5 जुलाई से 27 सितंबर 2026 तक 13 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ा दिया है. इसी तरह 03229/03230 पटना–खुर्दा रोड जंक्शन–पटना साप्ताहिक स्पेशल भी अब 30 और 31 जुलाई 2026 तक पांच अतिरिक्त फेरों के साथ चलेगी. इन ट्रेनों के समय, मार्ग, ठहराव और कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

मेंटेनेंस के चलते तीन मेमू ट्रेनें नहीं चलेंगी

दूसरी ओर, आसनसोल मंडल के शंकरपुर और मथुरापुर स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर ट्रैक नवीनीकरण कार्य के कारण 2 जुलाई को तीन मेमू ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा. इनमें 63546 जसीडीह–अंडाल मेमू और 63509/63510 बर्धमान–झाझा–बर्धमान मेमू शामिल हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं. रेलवे का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान चलाई जा रही अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों और सेवाओं के विस्तार से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी.